दिल्ली के अस्पताल में भर्ती ऋषि कपूर, बेटे रणबीर कपूर भी राजधानी के लिए रवाना

नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली के प्रदूषण की वजह से अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, हालांकि अभी तक उनकी किसी फैमिली मेंबर ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाने की जानकारी नहीं दी है। साथ ही किसी फैमिली मेंबर ने अस्पताल में भर्ती होने का कारण भी नहीं बताया है।


पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, ऋषि कपूर को अस्पताल में भर्ती करवाए जाने के बाद अब उनके बेटे रणवीर कपूर भी दिल्ली आने वाले हैं। खबरें हैं कि उनके साथ उनकी गर्लफ्रेंड आलिया भट्ट भी हैं। हालांकि, अभी तक ऋषि कपूर को लेकर आधिकारिक जानकारी आना बाकी है। ऋषि कपूर के अस्पताल में एडमिट होने की खबर से पहले कुछ लोगों ने नोटिस किया था कि एक्टर और उनकी पत्नी नीतू कपूर अरमान जैन की मेहंदी सेरेमनी में मौजूद नहीं हैं।


वहीं विरल भयानी ने भी इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट करते हुए जानकारी दी है, 'दिल्ली प्रदूषण की वजह से ऋषि कपूर को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वो कुछ समय से दिल्ली में शूटिंग कर रहे थे और उसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालांकि, उनके फैमिली मेंबर ने कोई जानकारी नहीं दी है। लेकिन, हम उन्हें अरमान जैन की शादी में मिस करेंगे। हमें आशा है कि आप जल्दी ठीक हो जाएंगे।'


दरअसल, एक्टर हाल ही में कैंसर से जंग लड़कर अपनी आम जिंदगी में वापस लौटे हैं। वो लंबे समय तक न्यूयॉर्क में इलाज करवाने के बाद भारत आए थे और उसके बाद उन्होंने इमरान हाशमी के साथ फिल्म 'द बॉडी' की थी। अगर वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्होंने हाल ही में दीपिका पादुकोण के साथ एक फिल्म का ऐलान किया था।